मरदह। थाना क्षेत्र के डोड़सर गांव की चट्टी पर बृहस्पतिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर उसमें रखा डीजे साउंड और करीब 12 से अधिक मशीनें चोरी कर लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे संचालक और उसके परिवार रोने-बिलखने लगे। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन शूरू कर दी। हालांकि, पुलिस ने अभीतक प्राथमिकी दर्ज नहीं की है।
पीड़ित संचालक प्रांशु गोंड ने बताया कि, उसने समूह से लोन और ब्याज पर पैसे लेकर ये डीजे साउंड सिस्टम और अन्य मशीनें खरीदा था। रोजाना की तरह ही रात करीब 10 बजे तक दुकान का शटर बंद कर घर चला गया था। अगली सुबह ग्रामीणों ने दुकान की शटर टूटी होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर देखा तो पता चला कि अंदर रखा डीजे साउंड सिस्टम और अन्य मशीनें गायब थी। जबकि, पास के ही खेतों में लैपटॉप और मोबाइल क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा हुआ था। इन सभी सामानों व मशीनों की कीमत लाखों रूपये में हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घटना स्थला का निरीक्षण किया। अभीतक पीड़ित की तरफ से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।