नंदगंज। थाना क्षेत्र के ग्रामसभा महमूदपुर पाली (कुंवरपुर) निवासी मिठाईलाल के घर में शनिवार की रात चोरों ने छत के रास्ते घुसकर आलमारी से 50 हजार रुपये नकदी और लगभग 50 हजार रुपये का सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार की सूचना पर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
गांव निवासी मिठाईलाल की पुत्रवधू लालसा देवी पंचायत चुनाव में प्रधान पद का चुनाव लड़ रही है। शाम को मिठाईलाल, पुत्र संतोष और पुत्रवधू लालसा के साथ गांव में जनसंपर्क करने गए थे। गांव से वापस आने पर थके होने के कारण भोजन के बाद सो गए। देर रात चोर छत से सीढ़ी के रास्ते घर में घुस गए और बक्से में रखे कीमती वस्त्र, सोने की मांगटीका, नथुनी, कान की बाली तथा कुछ चांदी का लगभग 50 हजार का आभूषण सहित आलमारी में रखा 50 हजार रुपये नगदी भी उठा ले गए। सुबह जगने पर मिठाईलाल को चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने डायल 112 नंबर की पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर मौका मुआयना किया।