बिरनो। थाना क्षेत्र के कहोतरी बाजार में स्थित मोबाइल की एक दुकान का ताला तोड़कर रविवार की रात चोरों ने लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी हुए230 मोबाइल फोन की कीमत पांच लाख बताई गई है। पीड़ित ने चोरी की तहरीर थाने में दी।
क्षेत्र के कहोटरी निवासी मुकेश बिंद की स्थानीय बाजार में मोबाइल की दुकान है। रोज की तरह रविवार की देर शाम भी वह दुकान बंद कर घर चला गया। देर रात किसी समय चोर शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद अंदर रखे दर्जनों कीमती मोबाइल के साथ ही इन्वर्टर-बैट्री उठा ले गए। सोमवार की सुबह जब मुकेश दुकान पर पहुंचा तो टूटा ताला देख उसके होश उड़ गए। जानकारी होते ही वहां आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। पीड़ित ने बताया कि चोर पांच लाख कीमत के 230 मोबाइल फोन सहित ईन्वर्टर-बैट्री उठा ले गए। पीड़ित की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस उल्टे पीड़ित पर यह आरोप लगाने लगी कि वह चोरी की झूठी कहानी बना रहा है। इससे ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त हो गया। मामले की गंभीरता से समझते हुए पुलिस ने पीड़ित की तहरीर ली। घटना को लेकर लोगों में चर्चा होते जिस स्थान पर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया, उससे मात्र सौ मीटर की दूरी पर आंबेडकर पार्क के पास डायल 100 की गाड़ी खड़ी थी, और पुलिस कर्मी सो रहे थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष अब्दुल वसीम खान ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।