नंदगंज। थाना क्षेत्र के मुड़वल गांव में मंगलवार को शौच करने निकले एक किशोर पर गांव के छह युवकों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर जब लोग दौड़े तो आरोपी भाग निकले। ग्रामीण घायल किशोर को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने गांव के छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
मुड़वल गांव निवासी उदयनारायण राम ने बताया कि मंगलवार की सुबह आठ बजे उसका पुत्र विशाल कुमार (16) शौच करने गांव के बाहर बने रेलवे लाइन किनारे गया था। वहां पहले से घात लगाकर बैठे गांव के शिवम, अजय, विजय ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ उस पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। विशाल की चीख पुकार सुनकर जब ग्रामीण खेत की तरफ की दौड़े तो आरोपी भाग निकले। तब तक परिवार के दूसरे सदस्य मौके पर पहुंचे और और ग्रामीणों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। कुछ देर बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने बताया कि महाशिवरात्रि पर विशाल का क्रिकेट खेलने के दौरान गांव के शुभम से विवाद हो गया था। मामले में सुलह भी हो गई थी। लेकिन फिर बाद में दोनों में कहासुनी पर एक बार मामला हाथापाई तक पहुंच गया, जबकि लोगों के बीचबचाव से मामला उस समय निपट गया। आज यही विवाद विशाल की मौत का कारण बना। विशाल सुभाष इंटर कालेज फतेउल्लाहपुर में दसवीं का छात्र था। वह तीन भाई-बहनों में बड़ा था। घटना के बाद मृतक के पिता, मां रीना तभा भाई बहन उसकी मौत पर बिलखते रहे। थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि पीड़ित की दी गई तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।