गाजीपुर। मुहम्मदाबाद कोतवाली के सेमरा में निरुपम की मौत गोली लगने से ही हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। पिता ने बताया कि बेटे ने खुदकुशी की है। वे अग्निवीर परीक्षा की दौड़ में फेल होने से काफी तनाव में था। पुलिस ने रविवार की देर शाम पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। युवक के कमरे से असलहा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। कोतवाल रामसजन नागर ने बताया कि सेमरा गांव निवासी रामकृपाल यादव ने तहरीर देकर बताया कि 22 नवंबर की दोपहर 2 बजे निरुपम कोचिंग करने गाजीपुर गया था। वहां से वह घर आया और खाना खाकर अपने कमरे में चला गया था। परिवार के सभी लोग बाहर थे। इसी दौरान फायर की आवाज सुनाई दी, जब कमरे की तरफ भागकर गए तो देखा कि निरुपम के सीने में गोली लगी थी। उसे उठाकर मुहम्मदाबाद सीएचसी लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को देकर परिवार के सदस्य घर चले आए। बेटे के कमरे में पहुंचे तो देखा कि कपड़े के बीच में एक असलहा पड़ा था। इसके बारे में परिवार के किसी भी सदस्य को कोई जानकारी नहीं थी। असलहे से बेटे ने खुदकुशी कर ली। वह पढ़ने में अधिक तेज था, लेकिन अग्निवीर की परीक्षा में दौड़ में फेल हो गया था। उसी समय से काफी तनाव में चल रहा था। कोतवाल ने बताया कि युवक की मौत गोली लगने से ही हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विसरा सुरक्षित, चोट के नहीं मिले निशान-दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के धर्मागतपुर (पोपरहां) गांव में बीते 23 नंबर की सुबह भूमि विवाद के दौरान मारपीट में श्रीराम चौहान (66) की मौत हो गई थी। सोमवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि मृतक के विकलांग पुत्र रंजीत चौहान ने गांव के ही छह लोगों के खिलाफ मारपीट कर पिता की हत्या की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले है। विसरा को जांच के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकता है। इस मामले में मिली तहरीर के आधार पर जांच चल रही है। संवाद