दूसरे दिन भी नहीं पता चला गंगा में डूबे युवक का
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर गांव के बांड़ में गंगा में नहाते समय शनिवार को डूबे युवक का दूसरे दिन भी पता नहीं चला। पुलिस गोताखारों की मदद से युवक की तलाश में जुटी रही। परिवार के लोग बिलखते हुए घटना के लिए ऊपर वाले की दुहाई देते रहे।
मालूम हो कि क्षेत्र के जीवपुर निवासी रामाशीष यादव का पुत्र बीए का छात्र शिवानंद यादव (20) शनिवार को दिन में करीब 11 बजे साइकिल से गांव के बांड़ में स्थित गंगा नदी पर पहुंचा था और नहाने लगा था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया था। वहां मौजूद लड़कों ने गांव वालों को डूबने की जानकारी दी। परिवार के साथ ही सैकड़ों ग्रामीण वहां पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंचे कोतवाल राजीव सिंह और देवरिया चौकी प्रभारी राजीव त्रिपाठी ने गोताखोरों से युवक की गंगा में तलाश शुरु करा दी लेकिन दूसरे दिन रविवार को भी युवक का कुछ पता नहीं चल सका था। मां तेतरी देवी, बहन गुंजा, भाई कृष्णा और परमानंद आंखों से नीर बहाते हुए घटना के लिए ऊपर वाले की दुहाई देते रहे। इस संबंध में चौकी प्रभारी राजीव त्रिपाठी ने बताया कि युवक की तलाश जारी है। शाम पांच बजे तक कुछ पता नहीं चल सका था।