गाजीपुर। जनपद में स्थित ग्रामीण स्टेडियमों के कायाकल्प का कार्य पूरा हो गया है। वर्तमान में सत्यापन का कार्य भी लगभग पूरा हो गया है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग का दावा है कि इस महीने के अंत तक जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा।
वर्ष 2023 से जनपद में नौ ग्रामीण स्टेडियमों के मरम्मत और सुंदरीकरण का कार्य चल रहा था। अब यह कार्य पूरा हो चुका है। कार्य कराने की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था के रूप में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को दी गई थी।
साथ ही सत्यापन का कार्य भी लगभग पूरा हो गया है। अब हैंडओवर की प्रक्रिया होने वाली है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग का दावा है कि इस महीने के अंत तक संबंधित विभाग को ग्रामीण स्टेडियम हैंडओवर कर दिए जाएंगे।
वहीं ग्रामीण स्टेडियमों के कायाकल्प का कार्य पूरा होने से गांवों के खिलाड़ियों को काफी सहूलियत मिलेगी। इससे ग्रामीण इलाकों में खेलकूद के आयोजनों को पंख लगेंगे। एक स्टेडियम के कायाकल्प पर लगभग 15 लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता पुनीत कुमार ने बताया कि ग्रामीण स्टेडियमों के कायाकल्प का कार्य पूरा हो गया है। जल्द ही हैंडओवर कर दिया जाएगा।