वर्षों से खराब अंधऊ बाईपास से गाजीपुर-मऊ मार्ग से मिलने वाली सड़क को दुरुस्त न कराए जाने से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग से गड्ढे में गिरकर आएदिन लोग घायल हो रहे हैं। संबंधित विभाग द्वारा मार्ग का मरम्मत न कराए जाने से लोगों में रोष गहराने लगा है।
अंधऊ बाइपास से गाजीपुर-मऊ मार्ग पर एआरटीओ कार्यालय के पास निकलने वाली सड़क पर चौबीसों घंटा लोगों का आवागमन होता है। साइकिल, बाइक, पैदल सहित चारपहिया वाहन भी इस मार्ग से गुजरते है। कई जगह सड़क की हालत यह हो गई है कि जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए है। पिच की जगह सिर्फ गिट्टी और मिट्टी दिखाई दे रही है।
एक स्थान पर करीब तीन फीट का गड्ढा बन गया है। बारिश की वजह से गड्ढा में पानी भरा हुआ है। चारपहिया वाहन चालकों की नजर जैसे ही पानी से भरे गड्ढे पर पड़ रही है, वहीं वाहन का ब्रेक लगा दे रहे हैं और ये सोचने लग रहे हैं कि गड्ढे की गहराई क्या है। कही ऐसा न हो कि वाहन फंस जाए। लोग डरते-डरते वाहन को पानी से निकालते रहे। रात के अंधेरे में अंजान लोग गड्ढे की वजह से आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं।