राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर रेवतीपुर में ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव के लिए सुहवल इंटर कालेज को मतदान और मतगणना स्थल बनाया गया है। सात फरवरी को कड़ी सुरक्षा के बीच इस मतदान केंद्र पर ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए मतदान होगा। चुनाव की प्रत्येक गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी। रेवतीपुर के निर्दल प्रत्याशी मुकेश राय और उनके समर्थकों की सदस्य के अपहरण के आरोप में गिरफ्तारी और एक सदस्य को सत्ताधारी दल के एक मंत्री की ओर से दी गई धमकी के बाद यह ब्लॉक अतिसंवेदनशील हो गया है।
निर्वाचन आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अशोक चंद्र के प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए सुहवल इंटर कालेज पर मतदान और मतगणना कराने की अनुमति प्रदान की है। ब्लॉक प्रमुख के लिए 7 फरवरी को सुबह 11 बजे से लेकर 3 बजे तक मतदान और उसके बाद मतगणना होगी। इस संबंध में शुक्रवार की देर रात राज्य निर्वाचन आयोग का फैक्स जिला प्रशासन को प्राप्त हो गया। मतदान स्थल के रूप में सुहवल इंटर कॉलेज का चयन होने के बाद वहां बैरिकेडिंग आदि की तैयारियों सुबह से ही की जाने लगीं। मालूम हो कि सत्ता पक्ष के लोग नवली इंटर कॉलेज को मतदान स्थल बनवाने के प्रयास में थे। इस मुद्दे को लेकर पूर्व विधायक पशुपति नाथ राय तथा कांग्रेसी नेता अरविंद किशोर राय डीएम से मिले थे और गड़बड़ी की आशंका जताते हुए जिला मुख्यालय पर मतदान कराने का आग्रह किया था। रेवतीपुर ब्लॉक प्रमुख का चुनाव निर्दल प्रत्याशी मुकेश राय एवं कबीना मंत्री के करीबी सपा प्रत्याशी प्रिया सिंह के बीच लगभग होना है। उल्लेखनीय है कि रेवतीपुर ब्लॉक में वर्ष 2005 के प्रमुख चुनाव में खून-खराब हुआ था। उसमें कुल चार लोगों की मौत हुई थी। हुआ था।
डीएम डॉ. अशोक चंद्र ने सुहवल इंटर कॉलेज को मतदान स्थल बनाने की पुष्टि करते हुए कहा कि कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान तथा मतगणना कराई जाएगी। अति संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने सुहवल इंटर कॉलेज में कैमरे की निगहबानी में मतदान एवं मतगणना कराने का आदेश दिया है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की जाएगी। हर हाल में निष्पक्ष चुनाव कराया जाएगा। किसी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने पास अपना प्रमाणपत्र और ब्लॉक मुख्यालय से जारी पहचान पत्र रखना होगा। अशक्त महिलाओं को वाहनों से लाने के लिए पहले से अनुमति लेनी होगी।
मतदान के दौरान अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने ताड़ीघाट बारा मार्ग पर कुल पांच स्थानों पर बैरिकेंडिंग करने का निर्णय लिया है। सुहवल, शिवाला, ढढ़नी चौराहे पर मुख्य बैरियर एवं गौरा मोड़ तथा युवराजपुर महदेवा मोड़ पर बैरिकेडिंग की जाएगी। इंटर कॉलेज सहित गाँव के निकास वाले सभी प्रमुख मार्गों को सील किया जाएगा। बारा से जिला मुख्यालय व जिला मुख्यालय से बारा की तरफ जाने व आने वाले वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया है। बारा से आने वाले वाहनों को भदौरा से मोड़ दिया जाएगा। वहीं जिला मुख्यालय से होकर बारा की तरफ जाने वाले वाहन जो मेदनीपुर से ही डायवर्ट कर दिया जाएगा।