पिछले 12 दिनों से विभिन्न मुद्दों को लेकर अनशनरत छात्र नेताओं के आंदोलन का मंगलवार को पटाक्षेप हो गया। चार में से तीन मांगों को पूरा करने के लिखित आश्वासन एवं एक मांग को लेकर शासन को लिखे पत्र की प्रतिलिपि मिलने पर छात्रनेता मान गए।
उपजिलाधिकारी और सीएमओ ने दोनों छात्रनेताओं को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। इस दौरान छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि अगर उनकी मांगें 15 दिन के अंदर पूरी नहीं की गई तो विभागों में तालाबंदी का कार्य किया जाएगा।
12 दिनों से छात्रनेताओं की ओर से किए जा रहे अनशन को लेकर आज दिन में उपजिलाधिकारी सदर एके सिंह, क्षेत्राधिकारी कमलकिशोर, एक्सईएन नलकूप, एक्सईएन पीडब्लूडी सहित सीएमओ पहुंचे।
उन्होंने अपने विभाग से संबंधित कार्यों को तत्काल प्रारंभ करने का लिखित आश्वासन दिया। एक्सईएन नलकूप ने वन सिंचाई के राजकीय नलकूपों को चालू करने, पाइप लाइन और नालियों को सही करने
तथा एक्सईएन पीडब्लूडी ने सुहवल-युवराजपुर, सुहवल-हरिश्चंद्रपुर, भिक्खीचौरा-बवाड़ा मार्ग सहित सभी रिंग रोडों का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने तथा जल्द काम शुरू कराने का लिखित आश्वासन दिया।
इसके अलावा सीएमओ ने मेदिनीपुर, डेढ़गांवा, उतरौली, नगसर स्वास्थ केंद्रों पर डाक्टरों की प्रतिदिन उपस्थिति सुनिश्चित करने का लिखित आश्वासन दिया। तब कही जाकर छात्र नेता माने।
इस अवसर पर दिवाकर प्रसाद, ऋषभ राय, विवेकानंद पांडेय, अनूप राय, विकास सिंह, सहजेंद्र राय, सोनू, बचानी यादव, रामाशीष यादव, सुग्रीव यादव आदि मौजूद थे।