थाना क्षेत्र के बाजेपुर गांव में रविवार की दोपहर चाचा ने भतीजों पर खेलने की बात को लेकर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई, वहीं दूसरा जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।बाजेपुर गांव निवासी चाचा धनंजय राजभर के भतीजे रवि राजभर (6) और अमरनाथ राजभर (7) वर्ष के घर के बाहर दरवाजे पर खेल रहे थे। इस पर चाचा ने दोनों को खेलने से मना किया, लेकिन बच्चे नहीं माने।
इससे गुस्साया चाचा घर के अंदर गया और कुछ ही देर में कुल्हाड़ी लेकर बाहर आया और भतीजों के सिर पर वार कर दिया। इस घटना में अमरनाथ और रवि गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही परिवार वाले ग्रामीणों के साथ आनन-फानन में दोनों को लेकर जिला अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने अमरनाथ को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल रवि का इलाज चल रहा है।
अमरनाथ की मौत की जानकारी होते ही अस्पताल में मौजूद उसके परिजन चीख-पुकार करने लगे। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुशील यादव ने बताया घटना की जानकारी है। वह अस्पताल पहुंच रहे हैं। अगर मृतक के मृतक के परिवार वालों की तरफ से तहरीर मिली तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना की गांववासियों में उदासी के बीच चर्चा होती रही है।