अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रविवार की शाम बारिश के दौरान गिरी बिजली से महिला और किशोर सहित चार लोगों की मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भरती कराया गया। जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया।शादियाबाद थाना क्षेत्र के खड़बाडीह गांव निवासी सत्यबहादुर का पुत्र शिवलाल राजभर (28) तथा इसी गांव का झारखंडेय राजभर (32) गांव के बाहर खेत में काम करने के लिए गए थे।
इसी दौरान शाम करीब छह बजे तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान बिजली गिरने से दोनों इसकी चपेट में आ गए। जानकारी होते ही आस-पास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही दोनों के परिवार के लोग भी खेत पर पहुंच गए। आनन-फानन में दोनों को मनिहारी प्राथमिक स्वास्थ केंद्र पर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर किया।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे शादियाबाद थानाध्यक्ष राहुल शुक्ला ने घटना के संबंध में जानकारी लेने के बाद शवों को कब्जे में ले लिया।उधर खानपुर थाना क्षेत्र के बेलहरी गांव निवासी रामविलास यादव की पत्नी उर्मिला यादव (45) तथा दिनेश की पत्नी चंद्रकला (32) खेत पर काम करने के बाद वापस लौट रही थी। इसी दौरान शाम को बारिश के दौरान गिरी बिजली की चपेट में आ गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गई।
जानकारी होते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को चंदवक अस्पताल ले गए, जहां उर्मिला यादव को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि चंद्रकला को उपचार के लिए भर्ती कराया गया।इसी बीच इसी थाना क्षेत्र के अनौनी गांव निवासी सिया राजभर का पुत्र दुर्गेश राजभर (9) घर के बाहर खेलते समय बिजली की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रविंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मृतका उर्मिला के शव के कब्जे में ले लिया गया, लेकिन बिजली से बच्चे की मौत की खबर की सूचना नहीं मिली है।