रेवतीपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में सोमवार की सुबह सरस्वती पूजा पंडाल में तेज आवाज से डीजे बजाने से मना करने पर दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों तरफ पथराव भी किया गया। गांव के पूर्व प्रधान की बोलेरो तोड़ दी गई। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के 13 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि
प्रधानी के चुनाव को लेकर दोनों पक्षों में पहले से ही खुन्नस थी और डीजे बजाने के बहाने दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए। गांव में तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। इस मामले में देर शाम दोनों पक्षाें की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया।
पकड़ी गांव के पूर्व प्रधान सपा नेता पंकज यादव के घर के बगल में केशव पांडेय के दरवाजे पर स्थित शिव मंदिर परिसर में सरस्वती पूजन पर पंडाल में मूर्ति स्थापित की गई थी। सोमवार सुबह पंडाल में डीजे की धुन पर गांव के युवक थिरक रहे थे। आरोप है कि गांव की वर्तमान प्रधान के प्रतिनिधि राम सिंह ने पूजा पंडाल के पास पहुंच कर
डीजे बजाने से मना किया। पूर्व प्रधान पंकज यादव का आरोप है कि जब उन्होंने दूसरे पक्ष के लोगों से लड़कों के कार्यक्रम में व्यवधान डालने से मना किया तो खुन्नस खाए वर्तमान प्रधान प्रतिनिधि राम सिंह के समर्थक मारपीट पर
उतारू हो गए। जबकि वर्तमान प्रधान के प्रतिनिधि राम सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधान का आरोप बेबुनियाद है। दोनों पक्षों में कुछ देर हुई कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों से लाठियां चलीं और पथराव किया गया। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष के ऋषिकेश यादव (25), कु. श्वेता (13), राधेश्याम (40), प्रिंस (22), अभिषेक (24), रवि (15), अशोक (17), कुमारी रंजना (16) और दूसरे पक्ष से वर्तमान प्रधान के प्रतिनिधि राम सिंह (40), श्रीनाथ (43), पारस यादव (50), दुर्गेश यादव (23) और मिंटू यादव (20) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मारपीट के दौरान कुछ लोगों ने पूर्व प्रधान व सपा नेता पंकज यादव की बोलेरो तोड़ दी।
इस घटना की जानकारी होते ही रेवतीपुर थानाध्यक्ष दिलीप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों में तनाव को देखते हुए मौके पर पीएसी भी तैनात कर दी गई। पथराव के चलते गांव की गलियों में ईंट के टुकड़े बिखरे हैं। पुलिस और पीएसी के चक्रमण कर रही है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दिया लेकिन किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। दोनों पक्षों के लोग घर छोड़ कर भाग निकले हैं। गांव में महिलाएं ही नजर आ रही हैं जो दरवाजे बंद कर घरों में सिमटी हैं। पुलिस अधीक्षक रामकिशोर ने कहा कि चुनावी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुये पीएसी और पुलिस कैम्प कर रही है। अराजक तत्वों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।