स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद की सीट के लिए सोमवार को नामांकन का कार्य संपन्न हो गया। अंतिम दिन पांच उम्मीदवारों की तरफ से अपना नामांकन दाखिल किया गया। पर्चा दाखिले के चलते कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास दिन में काफी गहमा-गहमी रही। इस चुनाव के लिए कुल छह प्रत्याशियों की तरफ से पर्चा दाखिल किया गया है।
विधान परिषद की सीट (एमएलसी) के लिए जिले में चुनाव कराया जा रहा है। 3 मार्च को होने वाले चुनाव की नामांकन की प्रक्रिया 8 फरवरी से शुरू है। सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन था। सोमवार को पांच प्रत्याशियों ने नामांकन किया। सबसे पहले राजनाथ ने एक सेट में पर्चा भरा। इसके बाद निर्दल उम्मीदवार विशाल सिंह चंचल ने दो सेट तथा देवेन्द्र ने एक सेट में नामांकन किया। इसके अलावा जिउत सिंह यादव तथा सत्यदेव ने भी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिलाधिकारी के न्यायालय कक्ष में जिला निर्वाचन अधिकारी डा. अशोक चंद्र के समक्ष एक-एक सेट में पर्चा भरा। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी-अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव, अभय शंकर मिश्र तथा राकेश पांडेय उपस्थित थे। विशाल सिंह चंचल के पर्चा दाखिले के समय पूर्व एमएलसी राजदेव सिंह, पूर्व विधायक जखनिया विजय कुमार, अमेरिका राम, मंसूर अंसारी, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष शमीम अहमद, मंसूर अंसारी, पूर्व प्रमुख शारदानंद उर्फ लुटुर राय, पूर्व बसपा अध्यक्ष गुलाब राम, शैलेन्द्र सिंह, यादवेन्द्र सिंह, मोहित श्रीवास्तव, पप्पू सिंह आदि मौजूद थे। इससे पूर्व सपा प्रत्याशी डा. सानंद सिंह की ओर से पर्चा दाखिल किया गया था। इस तरह से कुल छह प्रत्याशी हो गए हैं। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच का कार्य होगा।
इन प्रत्याशियों ने दाखिल किया है नामांकन
डा सानंद सिंह, राजनाथ, विशाल सिंह चंचल, देवेंद्र, जिउत सिंह यादव तथा सत्यदेव।
प्रधान और बीडीसी के पदों पर सभी पर्चे वैध
ग्राम पंचायत के प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम पंचायत सदस्य की खाली पड़ी सीट के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। सोमवार को संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर नामांकन पत्रों की जांच की गई। प्रधान एवं बीडीसी के पदों पर सभी पर्चे वैध पाए गए।
पंचायत चुनाव के पहले चरण में क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव कराया गया। दूसरे दौर में ग्राम पंचायत के प्रधान एवं सदस्य पद के लिए चुनाव हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के बाद अब पंचायत की खाली पड़ी सीटों के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। जिले में प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 3-3 तथा ग्राम पंचायत सदस्य की करीब 44 सौ सीटों के लिए रविवार को नामांकन कराया गया। आज नामांकन पत्रों की जांच की गई। क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए जमानिया के हरबल्लमुर में दो पर्चे भरे गए थे दोनों वैध पाए गए। मरदह के पलहीपुर में दो पर्चे भरे गए, दोनों वैध पाए गए। सादात के मिर्जापुर में दोनों पर्चे वैध रहे। प्रधान पद पर करंडा के सबुआ में सभी 16, मनिहारी के सोनबरसा में सभी 4 तथा मरदह के पांडेयपुर राधे में प्रधान पद के लिए दाखिल सभी 4 नामांकन वैध पाए गए। मंगलवार को उम्मीदवारी वापस लेने के साथ ही उम्मीदवारों को प्रतीक चिन्ह का आवंटन किया जाएगा। 21 फरवरी को मतदान कराया जाएगा।