महुवारी उर्फ अफलेपुर बागा में कुश्ती लड़ते पहलवान। संवाद
दुबिहां। नागपंचमी के पर्व पर सोमवार को महुवारी उर्फ अफलेपुर बागा और असावर के सेमरी गांव में पारंपरिक दंगल का आयोजन हुआ। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेंच और दमखम ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मुकाबलों के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से अखाड़ा गूंजता रहा। महुवारी उर्फ अफलेपुर बागा में हुए मुकाबले में पहलवान बृजेश उर्फ वीरु यादव ने प्रतिद्वंद्वी पहलवान रामलखन को धोबिया पछाड़ देकर मात दी। वहीं राजाराम ने रामनाथ को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। इसके अलावा क्षेत्र और आसपास से पहुंचे युवा व अनुभवी पहलवानों ने अलग-अलग मुकाबलों में अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया।
दंगल देखने के लिए सुबह से ही दोनों अखाड़ों पर ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की भीड़ जुटने लगी थी। एक के बाद एक हुए मुकाबलों में पहलवानों ने ताकत, फुर्ती और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के दौरान दर्शक तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे। आयोजक रहीम पहलवान, नागा पहलवान और रामपति पहलवान ने बताया कि नागपंचमी पर दंगल की परंपरा वर्षों पुरानी है।