त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के चुनाव का मतदान शनिवार को कराया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य पद की 15 एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 378 सीट के लिए होने वाले मतदान में 5 लाख 65 हजार से ज्यादा मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 350 मतदान केन्द्र एवं 834 मतदान स्थल बनाए गए हैं। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव विकासखंडवार चार चरण में कराया जा रहा है। पहले और दूसरे चरण का चुनाव 9 एवं 13 अक्तूबर को कराया जा चुका है। अब तीसरे चरण के मतदान का समय आ गया है। इस चरण में सदर ब्लाक में जिला पंचायत सदस्य पद की 4 एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 110, करंडा में 3 एवं 72, बिरनो में 3 एवं 83 तथा देवकली में जिला पंचायत सदस्य की 5 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 113 सीट के लिए शनिवार को मतदान कराया जाएगा। इस चरण में इन चार ब्लाकों के 291 ग्राम पंचायतों एवं 46 न्याय पंचायतों के 301549 पुरुष एवं 264060 महिला सहित 5 लाख 65 हजार 609 मतदाता दोनों पदों के 2371 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इसमें जिला पंचायत सदस्य पद के 248 तथा सदर में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 686, करंडा में 373, बिरनो में 429 तथा देवकली में 635 प्रत्याशी शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा जो शाम 5 बजे तक चलेगा। मतदान को सकुशल संपन्न कराने की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में होने वाले चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को संपन्न हो गई। नाम वापसी के दौरान जिला और क्षेत्र पंचायत के 129 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया। नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों को प्रतीक चिन्ह का आवंटन किया गया। इसके चलते संबंधित ब्लाकों पर शाम तक गहमा-गहमी रही।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में 29 अक्तूबर को मतदान कराया जाएगा। इस चरण में जिला पंचायत सदस्य पद की मुहम्मदाबाद एवं बाराचंवर में 4-4, कासिमाबाद 6 तथा मरदह में 3 सहित 17 एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 426 सीट के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को संपन्न हो गई। आज नाम वापसी केे दौरान जिला और क्षेत्र पंचायत के पद पर 129 दावेदारों की तरफ से पर्चा वापस ले लिया गया। इसके बाद अब चुनाव
मैदान में 2541 प्रत्याशी रह गए हैं। जिला पंचायत सदस्य पद के रिटर्निंग अधिकारी विद्याशंकर सिंह ने बताया कि आज नाम वापसी की प्रक्रिया में 8 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया। अब 251 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जांच की वजह से कलेक्ट्रेट के आसपास गहमा-गहमी रही। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार, नाम वापसी की
प्रक्रिया में 19 प्रत्याशियों ने पर्चे वापस लिए। इसके बाद ब्लाक की क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 111 सीट पर 614 उम्मीदवार हैं। कासिमाबाद संवाददाता के अनुसार आज 18 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया। अब ब्लाक की 120 क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की सीट पर 630 प्रत्याशी हैं। करीमुद्दीनपुर संवाददाता के अनुसार 24 दावेदारों ने नामांकन वापस ले लिया। बाराचवर ब्लाक में 102 सीट पर 566 प्रत्याशी हैं। मरदह संवाददाता के अनुसार 60 उम्मीदवारों ने पर्चे वापस लिए। ब्लाक की क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 93 सीट पर 480 उम्मीदवार हैं। नाम वापसी के बाद उम्मीदवारों को प्रतीक चिन्ह आवंटित किया गया। प्रतीक चिन्ह आवंटन के चलते संबंधित स्थानों पर काफी चहल-पहल रही। इस दौरान सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में सदर, बिरनो, करंडा एवं देवकली ब्लाक में शनिवार को मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव में लगने वाली सभी 834 पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को निर्धारित स्थानों से रवाना होकर मतदान स्थलों पर गईं। प्रत्येक पोलिंग पार्टी के साथ पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा कर्मी भी रवाना हुए। सभी ब्लाकों पर पर्याप्त मात्रा में चुनाव सामग्री भेज दी गई है। गुरुवार की शाम प्रचार का कार्य थम जाने के बाद उम्मीदवारों ने शुक्रवार को मतदाताओं के घर-घर जाकर उनसे संपर्क किया। अपनी फिजां बनाने के लिए दावेदारों की तरफ से अंतिम समय में प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी गई।
नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद उम्मीदवारों को शाम तक चुनाव चिह्न प्रदान किया गया। चुनाव चिह्न लेने के लिये खण्ड विकास कार्यालय के परिसर में भीड़ जमा थी। खंड विकास कार्यालय के गेट पर सड़क के दोनों तरफ चुनाव चिह्न बैलेट पेपर का नमूना एवं पोस्टर आदि बेचने की दुकानें सजी थी। जिसपर चुनावी सामग्री खरीदने के
लिये प्रत्याशियों की भीड लगी रही। चुनाव चिन्ह मिलते ही कोई अनार, कोई अंगूठी, कोई अलाव तापते किसान का चुनाव चिन्ह पाकर गांव में प्रचार करने के लिये रणनीत बनाने में व्यस्त हो गये। कई महिला प्रत्याशियों के पति सिम्बल प्राप्त करने लिये कतार में खडे़ रहे लेकिन उन्हें सिम्बल नहीं मिल पाया। आरओ बीके सिंह ने बताया कि सिम्बल सिर्फ प्रत्याशी या उसके प्रस्तावक को ही प्राप्त कराया जायेगा।