जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित बरुइन तिराहे के पास मंगलवार को कार का शीशा तोड़कर उचक्कों ने डेस्क बॉक्स में रखे 70 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
जीवपुर गांव निवासी योगेंद्रनाथ सिंह मां गायत्री देवी के साथ कस्बा बाजार स्थित एसबीआई बैंक से करीब 70 हजार रुपये निकालकर वाराणसी अपने आवास पर कार से जा रहे थे। बरुइन तिराहे पर सड़क किनारे कार पार्क कर मिठाई की दुकान पर मां के साथ वह कुछ खाने चले गए। इसी दौरान बाइक से पीछा कर रहे उचक्कों ने खड़ी कार का पेचकस से बाई तरफ की खिड़की का शीशा तोड़ दिया। राहगीर जब तक उन्हें कुछ कहते वह डेस्क बाक्स में रखा 70 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस व स्टेशन चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन में जुट गए। इस संबंध में कोतवाल अशेष नाथ सिंह ने बताया कि पीड़ित की सूचना पर पुलिस छानबीन कर रही है।