जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र में एक किराये के मकान में चचेरे भाई के साथ रहकर पढ़ रहा एक किशोर 20 अप्रैल की शाम घर छोड़कर कहीं चला गया। उसने पन्ने पर लिखा था कि मैं कमाने जा रहा हूं। मुझे कोई खोजने की कोशिश न करें। इससे चिंतित परिजनों ने सोमवार की देर शाम गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया।
किशोर ऑनलाइन गेम का आदी था। चचेरे भाई ने मना किया था, जिससे वह नाराज था। बिहार प्रांत के कैमूर जनपद के रामगढ़ थाना के बड़ौरा गांव निवासी अभिषेक कुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि चचेरे भाई गौरव सिंह के साथ वह निरीक्षण भवन के पास एक किराये के मकान में रहता था। गौरव हेतिमपुर गांव स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 12 में पढ़ता है। अभिषेक ने बताया कि गौरव मोबाइल पर अधिक ऑनलाइन गेम खेलता था, उसे कई बार मना किया गया। इस बात से नाराज़ होकर गौरव बीते 20 अप्रैल की शाम छह बजे बिना किसी को बताए घर छोड़कर चला गया। उसने एक पन्ने पर नोट भी लिखकर छोड़ा था कि मैं कमाने जा रहा हूं, मुझे कोई खोजने की कोशिश न करे। इस पत्र को देखकर परिजनों की चिंता और बढ़ गई। अभिषेक ने बताया कि गौरव का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे पूरा परिवार परेशान है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर गौरव की तलाश की जा रही है।