गाजीपुर। नगर पंचायत सादात के अधिशासी अधिकारी लल्लन यादव और वार्ड संख्या सात के भाजपा सभासद के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। थाने में भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। समाचार दिए जाने तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
नगर पंचायत कार्यालय कस्बा सादात में ईओ बैठकर कार्य कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान वार्ड आठ से भाजपा सभासद घनश्याम सोनी पहुंचे। सभासद और ईओ के बीच आरोप-प्रत्यारोप के साथ हाथापाई हो गई।
वहां मौजूद नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि धर्मेंद्र यादव और अन्य सभासदों ने बीचबचाव किया। घटना की जानकारी ईओ ने थाना पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्ष थाने में एक दूसरे पर हाथापाई करने और मारपीट का आरोप लगा रहे थे।
विभागीय लोगों के मुताबिक सभासदों का फोन न उठाने, तवज्जो न देने, नगर पंचायत सादात में कराए जाने वाले इंटरलॉकिंग काम के मुद्दे को लेकर मीटिंग न कराने आदि को लेकर विवाद बढ़ा।
बताया जा रहा है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में नगर पंचायत सादात की ओर से इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाना है। इस संबंध में सभासदों के साथ बैठक होनी है। इसे लेकर सभासद और ईओ में बहस, हाथापाई व कपड़े फाड़ने की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह पहुंच गए और दोनों को अलग किया। इस घटना से नगर वासियों में खूब चर्चा होती रही।
इस मामले में देर शाम जखनिया के एसडीएम रविश गुप्ता और सैदपुर सीओ अनिल कुमार सिंह थाने पहुंचे और दोनों पक्ष से वार्ता कर घटनाक्रम की जानकारी ली।
ईओ लल्लन यादव ने बताया कि वह स्वच्छ भारत मिशन के तहत एक बैठक कर रहे थे। अचानक सभासद घनश्याम सोनी ने आकर मुझे गालियां देते हुए दुर्व्यवहार किया। इस संबंध में थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि दोनों तरफ से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।