गाजीपुर। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) शिव प्रकाश त्रिपाठी को सफाईकर्मी ने जान से मारने की धमकी दी है। इससे पीड़ित और उनका परिवार सहमा हुआ है। इधर पुलिस ने सफाईकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रजदेपुर स्थित एक विद्यालय के पास मंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित होने पर बीते 19 मार्च को साफ-सफाई के लिए 10 सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इधर सफाईकर्मी अजीत यादव बिना किसी सूचना के अनुपस्थित था। इस पर सफाईकर्मी का बीते मार्च माह का वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया था। सफाईकर्मी ने स्पष्टीकरण तक नहीं दिया। इसके बाद वेतन रोकते हुए जानकारी जिला पंचायत राज विभाग के अधिकारियों को भेज दी गई। बीते छह अप्रैल की दोपहर सफाईकर्मी ने सहायक विकास अधिकारी के मोबाइल पर फोन कर वेतन बाधित होने की जानकारी मांगी। सहायक विकास अधिकारी ने सफाईकर्मी को पूरी जानकारी दी। इसके बाद सफाईकर्मी अजीत यादव ने उन्हें गाली देने के साथ जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि सहायक विकास अधिकारी की तहरीर पर सफाईकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।