ठंड से बचाने के लिए गोराबाजार स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पास बच्चे को कंबल से ढकती महिला। सं
गाजीपुर। जनपद में मंगलवार को चौथे दिन धूप तो निकली लेकिन गलन से राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान पिछले साल से 6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 30 दिसंबर वर्ष 2024 को अधिकतम तापमान 18.2 और न्यूनतम 15.0 डिग्री सेल्सियस था। शाम होतेे ही कोहरा छाने लगा और गलन से लोग कांपते रहे।
मंगलवार को सुबह 11 बजे के बाद धूप निकली। पूरे दिन भगवान सूर्यदेव ने दर्शन दिया। वहीं सुबह वातावरण में कोहरा रहा। कोहरे के कारण नगर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बेहद जरूरी होने पर ही लोग सुबह के समय वाहन से निकले। कोहरे के कारण दृश्यता 15 मीटर होने के कारण वाहन धीमी रफ्तार से चलते हुए दिखाई दिए। हेड लाइट जलाकर बाइक चालक अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। शाम के समय भी वातावरण में कोहरा व धुंध नजर आई।
आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने बताया कि 31 दिसंबर व एक जनवरी को जनपद येलो जोन में रहेगा। येलो जोन में रहने के कारण वातावरण में अत्यधिक घना कोहरा रहने का अलर्ट है। इसको लेकर सुबह-शाम यात्रा के समय सावधानी बरतने की जरूरत है। फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। चार जनवरी तक धूप व बादलों का मिश्रण रहेगा। साथ ही गलन रहने की भी संभावना है।