दुल्लहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के हरदासपुर कला गांव के पास मंगलवार को तेज रफ्तार कार से कुचलकर मनदीप गिरी (13) की मौत हो गई। वह सैदपुर-मरदह मार्ग के किनारे साइकिल लेकर खड़ा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि मऊ जनपद के रानीपुर थाना के चैनपुर निवासी मनदीप गिरी अपने दोस्त अफजल के साथ बहलोलपुर मछली मारने साइकिल से गया था। मछली पकड़कर लौटते समय सैदपुर-मरदह हाईवे के किनारे अफजल शौच करने चला गया जबकि मनदीप साइकिल लेकर खड़ा था।
इसी दौरान बहलोलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार आ रही ब्रेजा कार ने मनदीप गिरी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। आक्रोशित अफजल ने ईंट फेंक दी, जिससे चालक घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई होगी।