प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ड़ेढगांवा में निरीक्षण के दौरान जानकारी लेते रेवतीपुर सीएचसी अधीक्षक
रेवतीपुर। सीएचसी के नवागत चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके सरोज ने बृहस्पतिवार को दो नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर चिकित्सा अधीक्षक ने एक डाॅक्टर सहित तीन स्वास्थ्य कर्मियों का दो दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का आदेश दिया। समीक्षा बैठक में अनुपस्थित 6 सीएचओ को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया।
सबसे पहले मेदिनीपुर स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर चिकित्सा अधीक्षक वहां की स्थिति देखकर नाराज हो गए। निरीक्षण के दौरान एक चिकित्सक, एक स्टाफ नर्स और एक फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले। जिम्मेदार कर्मियों की गैरहाजिरी पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए। इसके बाद चिकित्सा अधीक्षक डेढ़गांवा स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां कर्मचारी मौजूद तो मिले, लेकिन अभिलेखों का रखरखाव बेहद खराब पाया गया। इस पर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को फटकार लगाई और रिकॉर्ड व्यवस्था में सुधार के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया। निरीक्षण के बाद चिकित्सा अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने सीएचओ के साथ स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं की प्रगति की बैठक कर समीक्षा की।
बैठक के दौरान छह सीएचओ अनुपस्थित पाए गए, जिसे उन्होंने गंभीरता से लेते हुए सभी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया।
इस दौरान बीपीएम बबीता सिंह, एआरओ संदीप, एमएन राय, आशुतोष सिंह, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. अमित चौबे, डॉ. इंद्रपाल यादव, सत्यवीर, अर्चना, कुलदीप यादव, अर्चना मौर्य, अर्चना राय, मेघा शर्मा आदि स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।