गाजीपुर। न्याय को घर-घर तक सरल और सुलभ बनाने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय की ओर से समाधान समारोह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 21 अप्रैल से शुरू हो चुका है, जिसका समापन 21, 22 और 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत के आयोजन के साथ होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नीरज गोंड ने बताया कि इस विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा। इसका उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट में लंबित ऐसे मामलों का आपसी सुलह और सहमति के आधार पर निस्तारण करना है, जो समझौते योग्य श्रेणी में आते हैं।
उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद, दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, भू-अधिग्रहण, श्रम विवाद तथा आपराधिक सुलहनीय मामलों को इसमें शामिल किया गया है। इन मामलों के निस्तारण के लिए राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरणों के मध्यस्थता केंद्रों में सुलह वार्ता बैठकें आयोजित की जाएंगी। पक्षकार और उनके अधिवक्ता इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से अथवा ऑनलाइन माध्यम से शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का मामला सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है और वह उसे समझौते के आधार पर निस्तारित कराना चाहता है, तो इसके लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरना होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।