गाजीपुर। करंडा थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी को रविवार की रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। उसे सीएचसी करंडा में भर्ती कराया गया है। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
सीओ सिटी शेखर सेंगर ने बताया कि करंडा थाना प्रभारी संतोष कुमार पाठक पुलिस टीम के साथ रविवार को मैनपुर ताल के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि थाना करंडा पर दर्ज पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है।
पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान मो. तस्लीम (22) पुत्र स्व. शमीम निवासी मैनपुर थाना करंडा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी करंडा पहुंचाया। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा, कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ करंडा थाने में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पहले से ही कई मामलों समेत पॉक्सो एक्ट में वांछित चल रहा था। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।