गाजीपुर। 50 हजार रुपये की इनामी आफ्शा अंसारी की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रहीं। गाजीपुर और मऊ में हाल ही में हुई ताबड़तोड़ दबिश के बाद अब पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और नेटवर्क खंगालने में जुट गई है। सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान मिले इनपुट के आधार पर अगले तीन दिनों के भीतर पुलिस एक और बड़ा ऑपरेशन चला सकती है।
पूर्वांचल के चर्चित आईएस-191 गैंग के सरगना रहे मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अंसारी की तलाश में रविवार को गाजीपुर पुलिस ने सात टीमों के साथ दो जिलों में एक साथ दबिश दी थी। इस दौरान कई संभावित ठिकानों की तलाशी ली गई और कुछ अहम तकनीकी जानकारियां भी पुलिस के हाथ लगीं। अब इन्हीं साक्ष्यों को आधार बनाकर पुलिस फरार इनामी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दबिश के दौरान मिले डिजिटल क्लू, मोबाइल नेटवर्क और संपर्क सूत्रों की गहन जांच की जा रही है। कई संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि भूमिगत रहने के दौरान आफ्शा किन लोगों के संपर्क में थी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि यह कार्रवाई सामान्य नहीं थी, बल्कि गोपनीय सूचनाओं के आधार पर की गई। पुलिस को इनपुट मिला था कि आफ्शा अंसारी भूमिगत रहकर आईएस-191 गैंग को दोबारा सक्रिय करने और जिले का माहौल प्रभावित करने की कोशिश में जुटी थी। इसी आधार पर गाजीपुर और मऊ के सात स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई।
एसपी ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। फरार इनामी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार सक्रिय हैं और जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है। बता दें कि थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या में आफ्शा अंसारी के तहत वांछित चल रही हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।