छावनी लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में पार्टी के जिलाप्रभारी डॉ राकेश त्रिवेद
गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 12 साल पूरा होने पर 5 जून पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतराष्ट्रीय योग दिवस तक लगातार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्टी के जिला कार्यालय में बुधवार को आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि जिला प्रभारी डाॅ. राकेश त्रिवेदी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि जिले की सभी सात विस सीटों पर पार्टी का झंडा फहराना है।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण, 13 एवं 14 जून को मीडिया संवाद, 14 से 16 जून तक ब्लाॅक पर सरकार की ओर से लगने वाले जन कल्याण शिविर में सहयोग, 16-17 जून विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, 17 से 20 जून केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी, 18-19 जून को प्रकृति खेती कार्यशाला, 8 से 14 जून विशेष जन संपर्क अभियान तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न स्तरीय आयोजन की कार्ययोजना पटल पर रखी। इस अवसर पर श्रावस्ती के धर्मेंद्र राजभर जिन्होंने सिर, दांत और हाथ से नारियल फोड़कर प्रदर्शन किया को जिला प्रभारी एवं जिलाध्यक्ष ने स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। कार्यशाला में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह कृष्णबिहारी राय, राजेश राजभर, प्रो. शोभनाथ यादव, सरिता अग्रवाल, मनोज गुप्ता आदि उपस्थित थे। संचालन जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर पांडेय ने किया।