गाजीपुर। वैसे तो पिछले कई दिनों से ठंड के कहर से हर कोई बेहाल था, लेकिन रविवार को ठंड का प्रभाव इस कदर था कि हर कोई कांपता रहा। शीतलहर से जीवन की रफ्तार पूरी तरह से धीमी पड़ गई।
ठंड से बचाव के लिए अधिकांश लोग घरों में कैद रहे। जिन लोगों के घरों से निकलने की मजबूरी थी, वह मौमस की दुहाई देते हुए ठिठुरते हुए आवागमन करते रहे। आग की क्या कीमत होती है, इसका ठंड ने लोगों को एहसास कराया। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे दिन अलाव के धुएं उठते रहे।
सारे काम-काज छोड़ लोग आग के पास असहाय की तरह बैठे रहे। मौसम की मार से मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा।
महुआबाग ः शुभ्रा टाकिज के पास सुबह सवा 10 बजे का नजारा देखने लायक था। दूकानदारों ने ठंड से राहत के लिए सड़क की पटरी पर अलावा जला रखा था।
इधर से गुजर रहे राहगीरों की जैसे ही अलाव पर नजर पड़ रही थी, वह अलाव के पास बैठकर आग सेकने में जुट जा रहे थे। राहत मिलने पर वे इस बात को भूल जा रहे थे कि उन्हें आगे जाना है। शरीर को कुछ राहत मिलने के बाद ही वह अलाव के पास से हट रहे थे।
मिश्रबाजार तिराहा ः तिराहा पर प्रतिदिन फल के दर्जनों ठेला के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से सब्जी विक्रेता पटरियों पर दुकान लगाकर अपनी रोजीरोटी की व्यवस्था करते हैं।
रविवार को ठंड का प्रभाव इस कदर था कि जो दूकानदार सुबह 10 बजे ही अपनी दुकानें सजा लेेेते थे, उनकी दुकानें 12 बजे के बाद सजी। दिन में 11 बजे फल विक्रेता ठेले पर ही फल की पेटी की लकड़ी को तगाड़ी में जलाकर ठंड से राहत पाने में जुटे हुए थे।
आरकेवीके पेट्रोल पंप ः दिन में साढ़े 11 बजे पंप के पास अलाव जल रहा था। यहां नौ राहगीर अलाव के सहारे ठंड से दो-दो हाथ करने में जुटे हुए थे। जैसे ही आग की लपटें कम हो रही थी, लोग उसमें कागज सहित जलने वाली अन्य वस्तुएं डाल रहे थे, जिससे की आंच कम न हो।
आग के बीच सभी लोग मौसम की दुहाई देते आपस में यह चर्चा करते रहे कि अगर इसी तरह दो-चार दिनों तक ठंड पड़ जाएगी तो जान निकल जाएगी।
(फोटो नंबर-04)
लंका चुंगी ः दिन में 12 बजे शहर के लंका चुंगी के पास के दुकानदारों ने दफ्ती में जला मोबिल डालकर अलाव जलाकर राहत पाने में जुटे रहे। यहां बैठकर राहगीरों ने भी आग का सहारा लिया।
रविवार को ठंड ने सभी को हिलाकर रख दिया। शहर में जगह-जगह दूकानदार अलाव तापते हुए नजर आए। इसके लिए लोगों ने उन लकडि़यों को भी आग की भेंट चढ़ा दिया, जो काम की थी।
ठंड ने ली दो की जान
दिलदारनगर/जमानिया। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के धनाढ़ी गांव में बीते शनिवार की रात जारी शीतलहर के बीच ठंड लगने से एक वृद्ध की मौत हो गई। गांव निवासी 60 वर्षीय शिवमूरत खेत से घर लौट रहा था।
कंपकंपी होने से उसकी हालत बिगड़ गई। उसे क्षेत्र के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने रविवार की सुबह शव का अंतिम संस्कार किया।
जमानिया संवाददाता के अनुसार, जमानिया कस्बा निवासी शहाबुद्दीन अंसारी (80) की रविवार को ठंड लगने से मौत हो गई। बताया गया है कि ठंड से कंपकंपी होने पर परिवार के लोग जब तक उसे चिकित्सक के यहां ले जाते, तब तक उसकी मौत हो गई।