गाजीपुर से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन चलाई जाएगी। इसकी तैयारियां हो चुकी हैं और अगले महीने से इसका संचालन शुरू हो जाएगा। यह बात रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने पत्रकारों से कही। वे शनिवार को यहां कलक्टर घाट पर बने टॉयलेट का लोकार्पण करने आए थे। उन्होंने कहा कि जिले को डिजिटल लिटरेसी बढ़ाई जाएगी और चार आईटीआई खोले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रेल मार्ग के दोहरीकरण, विद्युतीकरण, वाशिंग पिट, रेलवे जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट निर्माण चल रहा है।
अगले माह गाजीपुर से दिल्ली के लिए नई ट्रेन चलाई जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए चार डेमू और एक मेमू ट्रेनें चलाई जा रही हैं। रेल ओवरब्रिज का निर्माण भी कराया जाएगा। डिजिटल लिटरेसी और तकनीकी शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए यूरोपियन यूनियन की मदद से जिले में चार आईटीआई खोले जाएंगे। इसके अलावा तीन महीने के भीतर स्किल डेपलेपमेंट सेंटर स्थापित किया जाएगा। गाजीपुर के ऐतिहासिक और पौराणिक स्थलों के संरक्षण और संवर्धन के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिले के तीनों नेशनल हाईवे की मरम्मत कराई जाएगी। नेशनल हाईवे संख्या 29 गाजीपुर-वाराणसी के लिए 74 करोड़, गाजीपुर-हाजीपुर राजमार्ग संख्या 19 के लिए 44 करोड़ और गाजीपुर-जमानिया राजमार्ग संख्या 97 की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। एनएच 29 को 3008 करोड़ रुपये की लागत से फोर लेन बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। सिटी स्टेशन, औड़िहार, सैदपुर, सादात, नायकडीह आदि स्टेशनों का सुंदरीकरण किया जा रहा है। मऊ-गाजीपुर-ताड़ीघाट रेल लाइन व गंगा पर पुल बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है। आरबीएनएल की टीम सर्वे कर रही है। इस पर 1045 करोड़ रुपये खर्च होंगे। छपरा, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी रेल खंड पर दोहरीकरण और विद्युतीकरण का कार्य चल रहा है। गाजीपुर घाट पेरिशेबल कार्गो केंद्र का काम जल्द शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ और स्वस्थ भारत अभियान के तहत जिले के सभी स्कूलों में टॉयलेट बनवाए जाने हैं। पहले चरण में 250 शौचालय बनवाए जाएंगे। गंगा के किनारे आठ टॉयलेट बनने में जिनमें से तीन बन चुके हैं। इसके अलावा गाजीपुर, सैदपुर, जमानिया में 20 अत्याधुनिक कांप्लेक्स शौचालय बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। गाजीपुर ब्लाक के गांवों में सोलर लाइट लगवाई जा रही हैं। स्कूलों में 150 कंप्यूटर बांटे गए हैं। गाजीपुर लोकसभा क्षेत्र में 150 हैंडपंप लगाए गए हैं और 150 हैंडपंप को लगाने का काम चल रहा है।
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने शनिवार को कलेक्टर घाट पर आयोजित विकास की बदलती बयार कार्यक्रम में गंगा घाट पर बने तीन टॉयलेट का लोकार्पण किया। इसके अलावा महादेवा घाट, रेलवे स्टेशन, नंदगंज, बौरहिया बाबा आश्रम, महाहर धाम, जमलापुर, महुआबाग राजकीय बालिका इंटर कालेज में शौचालयों का शिलान्यास किया। भुतहिया टांड चौराहा को सुंदर बनाने के कार्य का भी शिलान्यास किया। इस दौरान सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वरी पाठक, आरबीएनएल के सीएमडी आरके बहुगुणा, रेल विकास निगम के सीएमडी सतीश अग्निहोत्री, एमडी कंटेनर कारपोरेशन के एमडी अनिल कुमार गुप्ता, गीता मिश्रा आदि मौजूद रहे।