गाजीपुर। शहर में नगर पालिका कार्यालय का एक बार फिर ठिकाना बदलने जा रहा है। नगर पालिका शुरुआत में इसका कार्यालय शहर के टाउनहॉल में संचालित होता था। बाद में इसे कचहरी के पास शिफ्ट किया गया। वर्तमान में कार्यालय यहीं से संचालित हो रहा है।
अब जलकल परिसर में नए भवन का निर्माण शुरू होने के साथ ही कार्यालय के दूसरी बार शिफ्ट होने का रास्ता साफ हो गया है। कारगिल मार्केट स्थित जलकल परिसर में 3.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन तैयार किया जा रहा है।
कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विस (सीएंडडीएस) के अनुसार जुलाई 2027 तक भवन का निर्माण पूरा हो जाएगा। इसके बाद नगर पालिका कार्यालय को जलकल परिसर में शिफ्ट किया जाएगा। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नगर पालिका के नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
इसमें चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी (ईओ) के कक्ष के साथ मीटिंग हॉल, गेस्ट रूम, जलकल स्टोर रूम, प्रसाधन कक्ष, शौचालय और हॉल समेत अन्य सुविधाएं होंगी। भवन का निर्माण 1200 स्क्वायर फीट में किया जा रहा है।
नगर पालिका प्रशासन ने वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत कार्यालय भवन के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था।
शासन से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के साथ बजट भी जारी कर दिया गया। इसके बाद नए भवन के निर्माण का रास्ता साफ हुआ। शासन ने निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को सौंपी है।