गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र के भूपतपुर गांव में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने घर के बाहर टीन शेड में सो रहे व्यक्ति की गर्दन पर धारदार हथियार से प्रहारकर हत्या का प्रयास किया। परिजनों के शोर मचाने पर जब-तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते आरोपी फरार हो चुके थे। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इधर पुलिस टीम पूर्व में हुई एक वारदात से जोड़कर छानबीन करने में जुटी हुई है।
गांव निवासी गंगा सागर शर्मा (45) देर शाम भोजन करने के बाद अपने पुत्र के साथ टीनशेड में सो रहे थे। देर रात करीब 12 बजे धारदार हथियार से लैस बदमाश पहुंचे और सोते समय जान से मारने की नियत से अधेड़ की गर्दन पर वारकर दिया। घायल के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्यों की नींद टूट गई और वह खून से लथपथ चारपाई पर पड़े अधेड़ को देखकर चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर ग्रामीण जब-तक मौके पर पहुंचे आरोपी फरार हो चुके थे। ग्रामीणों की सहायता से परिजन घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आने के साथ वारदात की सूचना पुलिस को दी। इधर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और छानबीन करने के साथ ही जिला अस्पताल में उपचार चल रहे गंगा सागर शर्मा से बात करने का प्रयास की, लेकिन घायल की हालत गंभीर होने पर पूछताछ नहीं कर पाई। फिलहाल पुलिस पूर्व में हुई एक घटना को ध्यान में रखकर छानबीन में जुटी हुई है।
गांव में तैनात की गई पुलिस...
गाजीपुर। करीब दो सप्ताह पूर्व एक युवक की गर्दन पर सोते समय धारदार हथियार से वार कर बदमाशों ने घायल कर दिया था। वहीं दूसरे बदमाशों द्वारा दूसरी घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस टीम अलर्ट हो चुकी है। सुरक्षा की दृष्टिकोण से गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है, जिससे ऐसी घटना को अंजाम देने वालों की धर-पकड़ की जा सके।
निगरानी समिति अब रखेगी नजर
गाजीपुर। दो सप्ताह के अंदर हुई दो घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन की टीम सर्तक हो चुुकी है। मुहम्मदाबाद सीओ ने 15 पुलिस कर्मियों की एक निगरानी समिति बनाई गई है। इस समिति के नेतृत्व की जिम्मेदारी थानाध्यक्ष को सौंपी गई है। इनके द्वारा ग्रामीणों के साथ रात में गस्त करने के साथ रिपोर्ट सीओ को भेजी जाएगी।
घायल अपने पुत्र के साथ टीम शेड में सोए हुए थे। इसी दौरान बदमाश ने गर्दन पर वारकर घायल कर दिया। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है, वैसे छानबीन की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- विनय गौतम, सीओ मुहम्मदाबाद