गाजीपुर। धीरे-धीरे ठंड बढ़ने से लोग ठिठुरने लगे हैं। बावजूद अब तक नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। हालांकि जिला प्रशासन ने नगर समेत ग्रामीण इलाके में कुल 76 स्थानों पर अलाव जलाने की तैयारी पूरी कर ली है। देर रात और भोर में फुटपाथ दुकानदारों एवं राहगीरों को अलाव न जलने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह रैन बसेरा तैयार हो गया है, लेकिन पर्याप्त इंतजाम व सुविधा का अभी भी अभाव है।
नगर पलिका परिषद गाजीपुर में तीन जगहों स्टीमर घाट, रेलवे स्टेशन और आरटीआई मैदान के पास रैन बसेरा बना है। इसके साथ शेल्टर हाउस में भी लोगों को रखने की तैयारी की जा रही है। स्टीमरघाट में बने रैन बसेरा में फर्श पर बिछाने के लिए दरी के साथ गद्दा व ओढ़ने के लिए रजाई रखी गई है। जबकि रेलवे स्टेशन पर बने अस्थाई रैन बसेरा को प्लास्टिक के तिरपाल से बनाया गया है, वहां चारपाई के साथ अन्य संसाधन मौजूद हैं। लेकिन बाहर अब तक अलाव की व्यवस्था नहीं है। अलाव के लिए सिर्फ 16 प्रमुख स्थानों का ही चयन किया गया है। इसके अलावा मुहम्मदाबाद नगर पालिका में तहसील परिसर में ही रैन बसेरा बना है। यहां तो अलाव जलाने के लिए स्थान तक चिन्हित नहीं हैं। वहीं जमानिया नगर पलिका की ओर से रेलवे स्टेशन, स्थानीय कस्बा व तहसील परिसर के बरामदे को घेरकर रैन बसेरा बना गया है। जबकि दस स्थानों पर अलाव जलाने के लिए चिन्हित किया गया है।