जनपद पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दिनदहाड़े लूट की घटनाओं के खुलासे का दावा किया है। पुलिस ने दो स्थानों पर छापेमारी कर कुल सात लुटेरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दस लाख के आभूषण, एक पिस्टल, तीन तमंचा, दो कारतूस, लूट की तीन बाइक और चाभी का गुच्छा बरामद किया है। पुलिस कप्तान रामकिशोर ने बताया कि क्राइम ब्रांच और तीन थानों की पुलिस को इसमें सफलता मिली है।
सोमवार को पुलिस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में बदमाशों को पेश करते हुए बताया कि रविवार को क्राइम ब्रांच टीम और नंदगंज थानाध्यक्ष को मुखबिर से सूचना मिली कि देवकली बाजार स्थित सर्राफ की दूकान में लूट की घटना में शामिल बदमाश सिरगिथा बाजार से नंदगंज बाजार की तरफ आने वाले हैं। क्राइम ब्रांच की टीम और नंदगंज तथा सैदपुर थानाध्यक्ष सिरगिथा की तरफ चल दिए। सिहोरी ताल के समीप पुलिस की गाड़ी देख बाइक सवार पुलिस पर फायर करते हुए भागने लगे। दोपहर करीब सवा दो बजे पुलिस ने हल्की मुठभेड़ के बाद बाइक सवारों को दबोच लिया। इसके बाद क्राइम ब्रांच प्रभारी तेज बहादुर सिंह मय टीम बिहारीगंज डगरा पहुंचे। वहां पहले से मौजूद खानपुर एसओ रविंद्र श्रीवास्तव से अनौनी लूटकांड के बारे में बात हो रही थी।
इसी बीच मुखबिर सूचना मिली कि अनौनी लूटकांड के आरोपी भीमापार से उचौरी होते हुए मेहनाजपुर जाने वाले हैं। सूचना पर पोखरा तिराहे पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। तभी दो मोटर साइकिल पर सवार चार बदमाश उचौरी की तरफ आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो बाइक सवार तीन बदमाश पीछे मुड़कर भागने लगे, लेकिन गाड़ी फिसल जाने के कारण गिर गए। पीछे बैठे दो बदमाशों ने पुलिस टीम को लक्ष्य बना तमंचे से फायर किया।
दूसरी मोटर साइकिल पर सवार एक व्यक्ति सहित चार अपराधियों को पुलिस ने बल प्रयोग कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए सात आरोपियों में बहरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम आराजी कस्बा स्वाद निवासी कन्हैया विश्वकर्मा, राजेश सेठ, अर्जुन सेठ, कबीरपुर निवासी शैलेंद्र चौहान, सादात थाना क्षेत्र के ग्राम डढ़वल निवासी दिनेश यादव, मऊ जनपद के थाना घोसी क्षेत्र के अमिला बाजार निवासी शेरू उर्फ आबिद आलम, सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के भीमापार ग्राम निवासी अरविंद यादव उर्फ चाचा हैं।