गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल जल्द ही 10 प्राइवेट वार्ड से लैस होंगे। इससे गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को जनरल वार्ड में भर्ती होने से राहत मिलेगी। इन वार्डों को स्थापित कराने को लेकर कॉलेज प्रशासन की ओर से वार्डाें व कक्षों का चिह्निकरण करना शुरू कर दिया है, जिससे मरीजों को लाभांवित किया जाएगा।
जिले के नगर व ग्रामीण इलाकों के अलावा गैर जनपदों एवं प्रांत से प्रतिदिन 3500 से अधिक मरीज उपचार को पहुंच रहे हैं। वहीं आपातकक्ष में पहुंचने वाले मरीजों की संख्या करीब 50 के आसपास है। वहीं वार्डों में प्रतिदिन विभिन्न बीमारियों से पीड़ित करीब 70 से 80 मरीज उपचार के लिए भर्ती हो रहे हैं। ऐसे में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को भी जनरल वार्ड में ही भर्ती होना पड़ता है। जबकि पुराने जिला अस्पताल में प्राइवेट वार्ड स्थापित था।
गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा प्रदान करने के लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से जल्द ही 10 प्राइवेट वार्ड स्थापित कराएगी, जिससे ऐसे मरीजों को लाभांवित किया जा सके। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद मिश्रा ने बताया कि जल्द ही 10 प्राइवेट वार्ड स्थापित कराये जाएंगे। इसको लेकर वार्डों व कक्षों को चिन्हित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।