पुलिस भर्ती में धांधली को लेकर लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को धांधली की जांच की मांग को लेकर भाजपा के टैक्सी स्टैंड स्थित कार्यालय से जुलूस निकाला। विभिन्न रास्तों से नारेबाजी करते हुए जुलूस जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा जहां उपजिलाधिकारी सदर को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर हुई सभा में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष राय ने कहा कि प्रदेश सरकार नवजवान विरोधी है। सरकार नवजवानों के साथ सिर्फ धोखा करने का काम कर रही है। पुलिस भर्ती जिस प्रकार से जाति एवं क्षेत्र के आधार पर हुई है वह पूरी परीक्षा प्रणाली की धज्जियां उड़ा रही है। प्रदेश सरकार के अनैतिक कार्यों से जनता त्रस्त है।
नवजवानों का भविष्य चौपट हो रहा है। अध्यक्षता कर रहे मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश भारद्वाज ने कहा कि अगर सपा सरकार अपने अनैतिक कार्यों से बाज नहीं आती है तो भाजयुमो के कार्यकर्ता प्रदेश भर में जोरदार आंदोलन करने को बाध्य होंगे। लोकसेवा आयोग के पर्चा लीक होने की चर्चा करते श्री भारद्वाज ने कहा कि पर्चा लीक होने के कारण की जांच हो और जो भी दोषी मिले उनके खिलाफ कार्रवाई करें।
ज्ञापन देने के समय क्षेत्रीय मंत्री दीपक सिंह, जिला प्रभारी मनीष वर्मा, प्रमोद वर्मा, अजय यादव, राधेश्याम मोदनवाल, जिला महामंत्री सुमित तिवारी, विश्वप्रकाश अकेला, आशुतोष राय, भानू केशरी, विनोद गुप्त, मनोज यादव, नरेन्द्र कुशवाहा, मोनू तिवारी, प्रतीक पांडेय, अरुण पाल, राजू गुप्त, पवनसुत, गोविंद उपाध्याय, संजय चौरसिया, गोलू सिंह, गिरीश गुप्त, अमित मोहन पांडेय, अजीत सिंह, रुद्रप्रताप सिंह आदि उपस्थित थे। संचालन जिला महामंत्री सुमित तिवारी ने किया।