गाजीपुर/ नंदगंज। फत्तेहउल्लाहपुर स्थित सुखबीर एग्रो में तीन दिनों से आयकर विभाग की टीम डटी है। टीम ने किसी के भी प्रवेश पर रोक लगा रखी है। वहीं मैनेजर सहित कर्मचारियों के मोबाइल कब्जे में लेकर बंद करा दिए गए हैं। यहीं नहीं कंपनी में गैर प्रांत की पुलिस टीम सुरक्षा में मुस्तैद है। टीम बुधवार की देर शाम तक कंपनी के सभी दस्तावेजों की जांच में ही जुटी रही। सूत्रों की माने तो सुखबीर एग्रो की देशभर में स्थित कई कंपनियों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ छापा मारा है। जनपद के कंपनी पर आयकर विभाग की टीम ने सोमवार को छापा मारा था। इस दौरान वाराणसी और हरियाणा नंबर की करीब 15 वाहनों से आयकर की टीम कंपनी पर पहुंची। टीम के अधिकारियों ने सबसे पहले गेट को अंदर से बंद करा दिया। इसके बाद कंपनी के प्रत्येक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मोबाइल कब्जे में ले लिया। इधर भूसी लादकर आने वाले ट्रक चालकों ने बताया कि ट्रक लेकर अंदर जाने के बाद खाली करके आने में घंटों लग जा रहे हैं। कंपनी के मुख्य गेट को अंदर से बंद कर दिया गया। किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं है। सूत्रों की माने तो टीम महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाल रही है। तीसरे दिन भी गेट बंद था। छापेमारी को लेकर तरह-तरह की चर्चा होती रही, लेकिन कोई भी कुछ भी बताने को तैयार नहीं था।
फैक्ट्री की कैंटीन से मंगवाया खाना-नाश्ता
गाजीपुर। सूत्रों की माने तो फैक्ट्री ने पहुंचते ही टीम ने सबसे पहले वहां तैनात जवानों समेत सभी कर्मचारियों के मोबाइल जब्त कर लिए। बाहर से किसी का भी प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया। गोदाम और पार्किंग एरिया में मौजूद व्यापारी, ट्रक ड्राइवर और क्लीनर जैसे ही माजरा समझे, बाहर निकल लिए। इस वक्त फैक्ट्री के अंदर सिर्फ जीएम प्रिंस बाबी गक्खड़ सहित 20-25 कर्मचारी, 15 से ज्यादा इनकम टैक्स अधिकारी और इतने ही सुरक्षाकर्मी मौजूद हैं। खाना-नाश्ता भी फैक्ट्री की कैंटीन से ही मंगवाया जा रहा है।