दिलदारनगर/सेवराई (गाजीपुर)। जगदीशपुर गांव में पांच जून को आई बरात में डीजे पर नाचने और फोटो खींचने को लेकर हुई मारपीट में घायल दूल्हे की शुक्रवार की देर रात वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर सेवराई के त्रिलोकपुर में शव पहुंचने पर गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने ताड़ीघाट-बारा मार्ग जाम कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। दिलदारनगर पुलिस मुख्य आरोपी दुल्हन के बहनोई सहित आठ लोगों पर दर्ज मारपीट के मामले में हत्या की धारा बढ़ाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। हालांकि तमंचा लहराते हुए डीजे पर नाचने के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रेवतीपुर के त्रिलोकपुर गांव निवासी ब्रिगेडियर राम के पुत्र राकेश राम (25) की शादी जगदीशपुर गांव निवासी राजेंद्र राम की पुत्री राजकुमारी से तय थी। गत पांच जून को दूल्हा राकेश राम बरात लेकर जगदीशपुर गांव पहुंचे। दरवाजे पर बरात लगी और दूल्हा जयमाल के स्टेज पर चला गया। डीजे पर नाचने और फोटो खींचने को लेकर मारपीट हो गई। दूल्हे के पिता मामला शांत कराने पहुंचे तो उन्हें भी आठ लोग मिलकर मारने-पीटने लगे। दूल्हा स्टेज से नीचे उतरकर पिता को बचाने का प्रयास करने लगा। आरोपियों ने लोहे के पलटे से दूल्हे के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह कोमा में चला गया। शादी नहीं हो पाई। दूल्हे का उपचार वाराणसी में चल रहा था। घायल पिता ब्रिगेडियर राम ने दुल्हन के बहनोई और मुख्य आरोपी ताजपुर मांझा निवासी विनोद राम, प्रदीप उर्फ कल्लू, मोनू राम, पप्पू, बाघा राम उर्फ मिथलेश, विशाल राम, सकलू और विपिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान राकेश की मौत हो गई। शनिवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की। मारपीट में नामजद ताजपुर मांझा निवासी विशाल राम को तमंचा लहराते हुए डीजे पर नाचने के आरोप में पुलिस ने वायरलेस चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि वाराणसी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।
उधर सेवराई के त्रिलोकपुर में शनिवार को दूल्हे राकेश का शव पहुंचने के बाद शाम पांच बजे ग्रामीणों और परिजनों ने त्रिलोकपुर चट्टी पर गाजीपुर-बारा मार्ग जाम कर दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ तकरीबन 20 मिनट की तकझक के बाद पुलिस ने आश्वासन देकर मामला शांत कराया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन और ग्रामीण तैयार हुए।
दूल्हे की मां तेतरी देवी, पिता ब्रिगेडियर राम और अन्य परिजन बिलख रहे थे। दिलदारनगर थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। तब जाकर ग्रामीणों ने 5:20 बजे जाम समाप्त किया।