गाजीपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष सुधांशु शेखर त्रिपाठी के नेतृत्व में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह से मिला। शिक्षकों की समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में एनपीएस के तहत शिक्षकों के वेतन से हर महीने अंशदान की कटौती की जा रही है, लेकिन सरकारी अंशदान नौ महीने से लंबित है।
उन्होंने मांग की कि सभी लंबित सरकारी अंशदान जल्द से जल्द शिक्षकों के एनपीएस खातों में जमा कराए जाएं। उन्होंने गोविंद इंटर कॉलेज, सादात और गहमर इंटर कॉलेज में एनपीएस संबंधी अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि वित्तविहीन विद्यालयों में शासनादेश के अनुरूप नियुक्तियां नहीं की जा रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान, चिकित्सा अवकाश, महंगाई भत्ता सहित विभिन्न प्रकार के लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान कराने, वेतन बिल विद्यालयों की ई-मेल आईडी पर उपलब्ध कराने, हर महीने की पहली तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने, एनपीएस से पुरानी पेंशन योजना में शामिल शिक्षकों के खातों के समायोजन तथा मानव संपदा पोर्टल की त्रुटियों के निस्तारण की भी मांग की।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही फरवरी 2026 तक का लंबित एनपीएस अंशदान अपडेट करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वेतन बिल विद्यालयों की ई-मेल आईडी पर भेजे जाएंगे तथा लंबित एरियर के भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा एनपीएस से पुरानी पेंशन योजना में शामिल शिक्षकों की पत्रावलियां वित्त नियंत्रक कार्यालय भेजने, मानव संपदा संबंधी समस्याओं के समाधान, सिटिजन चार्टर लागू करने तथा वित्तविहीन विद्यालयों में शासनादेश के अनुरूप नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे। संवाद