त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथेे और अंतिम चरण का मतदान गुरुवार को कराया जाएगा। चार विकासखंडों में जिला पंचायत की 17 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 426 सीट के लिए होने वाले चुनाव की तैयारी पूरी कर ली गई है।
दोनों पदों पर ताल ठोंक रहे 2539 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 6 लाख 28 हजार से ज्यादा मतदाता करेंगे। इसके लिए 394 मतदान केन्द्र एवं 953 मतदान स्थल बनाए गए हैं।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव विकासखंडवार चार चरण में कराया जा रहा है। तीन चरण का मतदान संपन्न हो चुका है। चौथे और अंतिम चरण का मतदान गरुवार को कराया जाएगा। इस चरण में मुहम्मदाबाद ब्लाक में जिला
पंचायत सदस्य पद की 4 एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 111, कासिमाबाद में 6 एवं 120, बाराचंवर में 4 एवं 102 तथा मरदह में जिला पंचायत सदस्य की 3 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 93 सीट के लिए मतदान कराया जाएगा। इस चरण में इन चार ब्लाकों के 334 ग्राम पंचायतों एवं 53 न्याय पंचायतों के 6 लाख 28 हजार 389 मतदाता दोनों पदों के 2539 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। सभी विकासखंडों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा जो शाम 5 बजे तक चलेगा।
चौथे और अंतिम चरण में चार विकासखंडों मुहम्मदाबाद, कासिमाबाद, बाराचंवर एवं मरदह में गुरुवार को मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव के लिए बुधवार को सभी 953 पोलिंग पार्टियां संबंधित मतदान स्थलों पर पहुंच गई।
प्रत्येक पोलिंग पार्टियों के साथ पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा कर्मियों को भी रवाना किया गया है। इससे पहले सभी पोलिंग पार्टियों को विकासखंडों से मतदान सामग्री वितरित की गई। पोलिंग पार्टियों को रवाना करने से पहले ब्लाकों पर वाहनों का इंतजाम कर दिया गया था। रिजर्व में भी मतदान कर्मियों को रखा गया है।