गाजीपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कहा कि गाजीपुर से भाजपा को 2027 में पूरी तरह से उखाड़ फेंकने की नींव रखी जा रही है। वह बंशीबाजार स्थित एक मैरेज हॉल में सोमवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी का संयुक्त पदग्रहण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। नकुल दुबे ने नवगठित टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद और महावीर चक्र विजेता रामउग्रह पांडेय को भी याद करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की।
नकुल दुबे ने आगे कहा कि यह सरकार जनविरोधी, संविधान विरोधी और पूंजीपतियों की हितैषी है। जनता अब बदलाव चाहती है। कांग्रेस उसके लिए विकल्प बनेगी। प्रदेश सचिव एवं गाजीपुर के प्रभारी फसाहत हुसैन बाबू ने कहा कि सुनील राम को जिलाध्यक्ष और संदीप विश्वकर्मा को शहर अध्यक्ष बनाए जाने के बाद संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। यह टीम पार्टी की विचारधारा को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेगी। को-ऑर्डिनेटर मनीष मुरेलिया और शैलेंद्र कुमार ध्रुव ने कहा कि हम कांग्रेस की नीतियों के तहत पूरी निष्ठा और लगन से संयुक्त रूप से कार्य करते हुए बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, डॉ. मारकंडेय सिंह, बटुक नारायण मिश्र, जनक कुशवाहा, लालसाहब यादव, अजय श्रीवास्तव, ज्ञानप्रकाश सिंह, विद्याधर पांडेय, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, राजेश गुप्ता, राशिद, रईस अहमद, सदानंद गुप्ता, रतन तिवारी, राघवेंद्र, प्रमिला देवी, जनार्दन राय, कुसुम तिवारी, मुसाफिर बिंद, सतीश उपाध्याय, अरविंद मिश्रा आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील राम और संचालन शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने की।