जिला तीरंदाजी संघ की ओर से राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगता का आयोजन नेहरु स्टेडियम में किया गया। इसका उद्घाटन रविवार को केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने तीर चलाकर किया। इस अवसर पर सब जूनियर और मिनी सब जूनियर वर्ग में उदीयमान तीरंदाजों ने अपना जौहर दिखाया।
पांच दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता के पहले दिन मिनी सब जूनियर और जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता में जिले के तीरंदाजों के साथ ही कई अन्य जिलों के तीरंदाजों ने पदकों के लिए निशाना साधा। तेज धूप के बावजूद तीरंदाजों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इससे पहले केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि जिले में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा प्रतिभा को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
मिनी सब जूनियर 30 मीटर इंडियन राउंड में आकाश राणा प्रथम, लक्ष्मण यादव द्वितीय, रोहित तृतीय, 20 मीटर स्पर्धा में दिलीप पहले, अक्षय राकी दूसरे तथा लक्ष्मण यादव को तीसरा स्थान मिला।
इस मौके पर डा. मुकेश सिंह, सचिव नंदू दुबे, क्रीड़ाधिकारी दिव्या वर्मा, सुदामा राम, बृजनंदन सिंह, पुष्पा दुबे, सुरेंद्र भारती, मौसमी साहू आदि मौजूद थे। अंत में आयोजक सतीश दुबे ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।