गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थानाक्षेत्रों में रविवार को अज्ञात कारणों से तीन झोपड़ियां और पांच विस्वा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। तीन घंटे बाद भी खजूरगांव के हरिजन बस्ती में लगी आग को बुझाने सूचना के बाद भी फायर बिग्रेड की टीम नहीं पहुंची। पीड़ित परिवार जहां खुले आसमान के नीचे आ गया। वहीं गेहूं की फसल जलने किसानों के सामने रोटी की समस्या खड़ी हो गई है।
कासिमाबाद : खजूरगांव स्थित हरिजन बस्ती निवासी रामू राम की तीन झोपड़ियों में दोपहर दो बजे अचानक आग गई। परिवार के लोग शोर मचाते हुए झोपड़ी में बंधी गाय, बछिया और बकरियों को बाहर निकालने लगे। तब तक आग ने तीनों झोपड़ियों को आगोश में ले लिया। इससे एक बाइक, एक साइकिल, चारपाई सहित पांच बोरा सरसों, गेहूं, चावल के साथ अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए।
आग की लपट इतनी तेज थी कि इसमें तीन बकरियाें और एक बछिया झुलस गईं। ग्रामीणों ने बताया कि सूचना के तीन घंटे बाद भी फाय रब्रिगेड की टीम नहीं पहुंच सकी। कासिमाबाद कोतवाल प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि आग बुझ गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।
दुल्लहपुर : लेदिहा गांव में पूर्व प्रधान श्याम दुलारी के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने बाल्टी और पाइप से पानी डालकर आग पर काबू पाया, जिससे और ज्यादा नुकसान होने से बचा लिया गया। हालांकि, तब तक लगभग पांच विस्वा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान राम जियावन यादव और क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और नुकसान की रिपोर्ट तैयार की।