गाजीपुर। त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण को लेकर संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अविनाश कुमार ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की 17 अप्रैल की अधिसूचना के तहत यह प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाताओं के डुप्लीकेशन हटाने एवं कम्प्यूटरीकरण का कार्य 21 अप्रैल से 28 मई तक चलेगा। इसके बाद 29 मई से 9 जून तक मतदान केंद्रों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन और मतदाता सूची की फोटो प्रतियां तैयार की जाएंगी।
निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 जून तक किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशन एवं नियंत्रण में संपन्न कराई जाएगी। डीएम ने बताया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और तय कार्यक्रम के अनुसार कार्य पूरा कराया जाएगा।