अपनी विभिन्न मांगों को लेकर डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने आस्तीन चढ़ा ली है। अब मांग पूरा होने तक वह पीछे हटने वाले नहीं हैं। अगर उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो संघ अपनी ताकत का अहसास कराने को बाध्य होगा। यह बातें महासंघ के प्रांतीय संगठन मंत्री यूएस पांडेय ने लोक निर्माण विभाग परिसर स्थित संघ भवन में पत्रकारों से बातचीत में कही।
मंगलवार को एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि डिप्लोमा इंजीनियर्स की लंबित समस्याओं पर गठित शासन की उच्च स्तरीय समिति की संस्तुति को लागू न किए जाने के कारण महासंघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों की आलोचना करते कहा कि ध्यानाकर्षण कार्यक्रमों को करने के बाद भी अभी तक शासनादेश जारी नहीं किया गया है। 18 से 24 फरवरी तक कार्य बहिष्कार के बाद मांग पूरा न होने पर 25 से प्रदेशव्यापी अनिश्चिकालीन हड़ताल की जाएगी। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष अंबिका प्रसाद दुबे ने इंजीनियरों की मांगों का समर्थन करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव एवं सचिव सुरेन्द्र प्रताप उपस्थित थे।