त्रिस्तरीय पंचायत के तीसरे चरण में चार विकासखंडों में जिला और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए शनिवार को मतदान कराया गया। फर्जी मतदान को लेकर कई जगहों पर प्रत्याशी समर्थकों के बीच झड़प और मारपीट की
घटनाओं के बीच हुए मतदान में 58.12 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान संपन्न हो जाने के बाद जिला पंचायत की 15 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 378 सीटों पर ताल ठोक रहे 2371 उम्मीदवारों की किस्मत शनिवार को मतपेटी मेें कैद हो गई। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रेक्षक, आला प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी चक्रमण करते रहे।
त्रिस्तरीय पंचायत के तीसरे चरण में शनिवार को सदर, बिरनो, करंडा एवं देवकली ब्लाक की जिला पंचायत सदस्य पद की 15 और क्षेत्र पंचायत सदस्य की 378 सीटों के लिए मतदान कराया गया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे मतदान का कार्य शुरू हुआ। जैसे-जैसे समय बीतता गया मतदान में तेजी आती गई। कई बूथों पर मतदान के
लिए लोगों की लंबी कतार दिखाई दी। शाम पांच बजे मतदान संपन्न होने पर सभी चार ब्लाक के 301549 पुरुष एवं 264060 महिला सहित 565609 मतदाताओं में से 58.12 प्रतिशत लोगों ने मतदान कर जिला पंचायत सदस्य पद के 248 एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 2123 सहित 2371 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर दिया। सदर विकासखंड में शाम पांच बजे तक 57.5 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। ब्लाक के हेतिमपुर में मतदान को लेकर प्रत्याशी समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई। नोनहरा थाना क्षेत्र के भदेव में फर्जी मतदान करने के प्रयास मामले में चार लोगों को पकड़ा गया, जिन्हें देर शाम छोड़ दिया गया।
बिरनो संवाददाता के अनुसार, ब्लाक में 57.5 प्रतिशत मतदान हुआ। करंडा संवाददाता के अनुसार तीसरे चरण के चुनाव में ब्लाक में मतदान को लेकर मतदाताओं में सबसे ज्यादा उत्साह दिखाई दिया। ब्लाक के 59.5 फीसदी लोगों ने मतदान किया। देवकली संवाददाता के अनुसार तीसरे चरण का चुनाव सकुशल संपन्न हो गया। इस दौरान 58 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। मतदान को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रेक्षक विजयबहादुर सिंह के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र सिंह पटेल और पुलिस अधीक्षक रामकिशोर ने कई बूथों का निरीक्षण किया। मतदान के बाद मतपेटी सील कर संबंधित विकासखंडों में स्थित स्ट्रांग रूम में जमा करने का काम रात तक जारी रहा।
त्रिस्तरीय पंचायत के तीसरे चरण के चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारी दिन भर हांफते रहे। अति संवेदनशील मतदान स्थलों पर प्रशासन की पैनी नजर थी। पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा संवेदनशील और सामान्य बूथों पर भी सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहे। प्रेक्षक विजयबहादुर सिंह ने सदर, करंडा एवं बिरनो ब्लाक के कई बूथों का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला बेसिक शिक्षाधिकारी चन्द्रकेश सिंह यादव थे।