जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छह में प्रवेश की परीक्षा 7 फरवरी को जिले के पांच परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी। इस परीक्षा में जिले के विभिन्न विकासखंडों के 3694 अभ्यर्थी बैठेंगे। कक्षा छह की 40 सीटों के लिए होने वाली परीक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच होने वाली परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए ब्लाकवार केन्द्रों पर पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
शहर के पुलिस लाइन के पास स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में हर वर्ष कक्षा छह में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है। आगामी शैक्षिक सत्र के लिए कक्षा 6 में दाखिला प्रवेश परीक्षा के माध्यम से लिया जाना है। कक्षा की 40 सीटों पर होने वाली परीक्षा में इस बार 3694 अभ्यर्थी बैठेंगे।
इनके लिए पांच परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। शनिवार को एक पाली दिन में साढ़े 11 से डेढ़ बजे तक होने वाली परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए ब्लाकवार केन्द्रीय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। संबंधित केन्द्रों को सभी आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध करा दिया गया है। शुक्रवार को केन्द्रों पर सीटिंग अरेंजमेंट का कार्य पूरा कर लिया गया।
इस संबंध में जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य मुख्तार आलम ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच कराई जाने वाली परीक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा के बाद सभी कापियों को सील्ड कर नोडल सेंटर भेज दिया जाएगा जहां से उत्तर पुस्तिकाएं सीबीएसई बोर्ड जाएंगी।
केन्द्रीय पर्यवेक्षक केन्द्रों पर रहेंगे तैनात- जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा की शुचिता बनाए रखने तथा उसे नकलविहीन संपन्न कराने के लिए विद्यालय की तरफ से ब्लाकवार सभी परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्रीय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। केन्द्रीय पर्यवेक्षक की भूमिका विद्यालय के शिक्षक निभाएंगे।
सभी पांच केन्द्रों पर सोलह पर्यवेक्षक तैनात होंगे। इसमें दो केन्द्रों पर 4-4, दो पर 3-3 तथा एक परीक्षा केन्द्र पर 2 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। इसके अलावा विद्यालय के प्रधानाचार्य मुख्य प्रेक्षक के रूप में परीक्षा की शुचिता पर नजर रखेंगे।