शहर कोतवाली क्षेत्र के नरायनापुर गांव में गुुुरुवार की शाम कुएं में नलकूप का पंप ठीक करने उतरे दो युवकों की जहरीली गैस से की चपेट में आने से दम घुट गया। दोनों युवकों की मौत हो गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद दोनों युवकों के घर रूदन-क्रंदन शुरू हो गया।नरायनापुर गांव के बाहर सिवान में रामधनी बिंद का नलकूप है। उसका पंप कुछ दिनों से खराब हो गया था। उसे ठीक करने के लिए गुरुवार को सायंकाल करीब चार बजे उसका बेटा पंजाबी बिंद (35) कुंए के पास पहुंचा और थोड़ा नीचे उतरकर पंप को ठीक करने लगा।
इस बीच दम घुटने से वह कुंए में गिर गया। इसी दौरान वहां मौजूद उसका साथी अगस्ता गांव निवासी बबलू बिंद (40) उसे बचाने के लिए कुआं में कूद गया। बबलू बिंद के कुएं में कूदते समय वहां मौजूद कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी। इसके बाद जब लोग वहां पहुंच कर कुएं में देखना शुरू किए, तो दोनों पानी में उतरा रहे थे। इसके बाद घटना की जानकारी ग्रामीण तथा परिजनों को दी गई। कुछ ही देर में पंजाबी के परिवार सहित ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
लोगों ने इसी बीच घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद शवों को कुंए से निकालने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद शवों को किसी तरह कुएं से बाहर निकाला गया। कुंए से बाहर शवों के आते ही पंजाबी और उसके परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। मौके पर मौजूद लोग बिलख रहे परिवार वालों को सांत्वना दे रहे थे। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने परिवार के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी लेने के बाद शवों को कब्जे में ले लिया। कोतवाली में तैनात दारोगा आनंद सिंह ने बताया युवकों की मौत कुएं से निकली जहरीली गैस की वजह से हुई है।