गाजीपुर। शहर कोतवाली के आदर्श बाजार स्थित एक मंदिर परिसर में सोमवार को पेड़ से लटकती युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली। ग्रामीणों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि युवक की अन्यत्र हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया। उधर, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार, गांव की एक बच्ची सुबह मंदिर परिसर में तुलसी का पत्ता तोड़ने गई थी। इसी दौरान उसकी नजर पेड़ पर लटकती युवक की लाश पर पड़ी तो वह चिल्लाते हुए गांव पहुंची और ग्रामीणों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और मृतक की पहचान रंजीत उर्फ भुल्लू (18) के रुप में की। इधर युवक के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और छानबीन कर शव पीएम को भेजा। ग्रामीणों का कहना है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। मृतक के पैर से खून निकल रहा था। फिलहाल पुलिस टीम मामले में कई बिंदुओं से जांच करने के साथ परिजनों से पूछताछ में भी जुटी हुई है। कोतवाल दिलीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वैसे पुलिस तहकीकात कर रही है।