नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली देश की सरकार जनता की सरकार नहीं है बल्कि डील की सरकार है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे को भारत के विकास के लिए नहीं, व्यापारिक समझौतों के लिए बुलाया था। उद्यमी जिंदल पाकिस्तान में बिजनेस करना चाहते हैं। इसलिए प्रधानमंत्री मोदी जिंदल के दबाव में पाकिस्तान गए थे।
शनिवार को जिले के करंडा क्षेत्र के बड़सरा स्थित अबू कलाम आजाद गर्ल्स कालेज के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लेने चार्टर्ड प्लेन से आए संसदीय कार्य, नगर विकास एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री आजम खां अंधऊ हवाई पट्टी पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुल्क के बादशाह (मोदी) ने
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को पश्मीने की शाल और मलीहाबादी आम भेजा था। इसके बदले पाकिस्तान प्रधानमंत्री ने उनके लिए सींक कबाब भेजा। यहां गोश्त के नाम पर मुसलमान मारे जा रहे हैं और पाकिस्तान से प्रधानमंत्री के लिए सींक कबाब आ रहा है। प्रधानमंत्री बताएं कि क्या सींक कबाब लौकी का बनता है। उन्होंने यह भी
आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी इंटेलीजेंस के क्लियरेंस के बगैर दुश्मन देश अफगानिस्तान गए। इंटरनेशनल लॉ तोड़कर प्रधानमंत्री पाकिस्तान गए और वहां एक कमरे में नवाज शरीफ, उनकी पत्नी और दाउद से बात की। इसका उनके पास पुख्ता सबूत है। कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने बिहार, बंगाल और उत्तर प्रदेश को पैसा नहीं दिया जिससे विकास कार्य ठप पड़े हैं। इन तीनों राज्यों में भाजपा की स्थिति खराब है। कहा कि बसपा के बारे में कुछ कहने की जरूरत
नहीं है, कांग्रेस का वजूद खत्म हो चुका है और भाजपा चुनाव के पहले हार मान चुकी है। विकास के सवाल पर आजम ने कहा कि नगर विकास के नाम पर केंद्र सरकार धन नहीं दे रही है। यमुना एक्सप्रेस वे, ओवरहेड टैंक जैसे कार्य 40 फीसदी होकर ठप हैं। डेढ़ साल से भारत सरकार ने एसटीपी के लिए एक पैसा नहीं दिया। जलनिगम में काम होता है तो उसके कर्मचारियों को वेतन दिया जाता है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ला एंड आर्डर प्रदेश में नहीं दिल्ली में खराब है।