सैदपुर कोतवाली में शनिवार को समाधान दिवस में सुबह नौ बजे ही फरियादी पहुंच गए थे। क्रिसमस की छुट्टी होने के कारण राजस्व विभाग के अधिकारी नहीं थे। हालांकि कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने सुबह दस बजे से उपनिरीक्षकों के साथ परिसर में बैठकर फरियाद सुनी। कुल 12 प्रार्थनापत्रों में एक का समाधान किया गया। अन्य को मायूस होकर लौटना पड़ा।
कोतवाली में सुबह साढ़े नौ बजे तक 20 फरियादी आ चुके थे। क्रिसमस की छुट्टी के चलते राजस्व विभाग के अधिकारियों के न रहने पर कोतवाल ने फरियाद सुनी और मामलों का निस्तारण करने का निर्देश मातहतों को दिया। गैवीपुर के रामराज ने कहा कि बड़ी बहू और पुत्र प्रताड़ित करते हैं। कोतवाल ने बहू और पुत्र को कोतवाली में बुलाकर समझाने के साथ डांट-फटकार लगाई। दौलतपुर के दिनेश विश्वकर्मा ने बताया कि आबादी की भूमि पर बने मकान में कुछ लोग कब्जा नहीं लेने दे रहे हैं। नौ बार समाधान दिवस पर प्रार्थना-पत्र दिया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सिधरा के सुरेश ने बताया कि पट्टीदार गली में छज्जा निकाल रहे हैं। दो बार प्रार्थना-पत्र देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। सराह बगहा के बच्चेलाल ने बताया कि पुस्तैनी मकान के दूसरे तल को पट्टीदार नहीं बनने दे रहे हैं। प्रार्थना-पत्र दिया है। पुलिस कार्रवाई का आश्वासन दिया है।